
कोरबा: रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलीकोट में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिल रही है। जनपद सदस्य एवं युवा नेता धनंजय बायल के सौजन्य से गांव के कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क ट्यूशन क्लास की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित करना है।
निशुल्क ट्यूशन क्लास में विशेष रूप से इंग्लिश और चित्रकला विषयों पर ध्यान दिया जा रहा है। इन विषयों को बच्चों की समझ के अनुरूप सरल और रोचक तरीके से पढ़ाया जा रहा है, जिससे विद्यार्थी न केवल पढ़ाई में आगे बढ़ रहे हैं बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो रही है। गांव में इस ट्यूशन क्लास को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई बच्चे निजी ट्यूशन नहीं ले पाते थे जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। ऐसे में यह निशुल्क पहल उनके लिए वरदान साबित हो रही है। अभिभावकों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों का शैक्षणिक स्तर सुधर रहा है और वे नियमित रूप से पढ़ाई के प्रति गंभीर हो रहे हैं।
युवा जनपद सदस्य धनंजय बायल ने बताया कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों को यदि सही समय पर मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे भी शहर के बच्चों की तरह आगे बढ़ सकते हैं। आगे भी इस तरह के शैक्षणिक और सामाजिक कार्य लगातार जारी रखने की उनकी योजना है।
इस पहल के लिए ग्राम पंचायत तेलीकोट के ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने युवा बीडीसी धनंजय बायल के प्रति आभार व्यक्त किया है। रायगढ़ जिले में यह प्रयास एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आया है जिसकी हर ओर सराहना हो रही है।
