
कोरबा: दिल्ली पब्लिक स्कूल बालको नगर ने एक बार फिर शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। स्कूल की विज्ञान संकाय की छात्रा सुमन सिंह ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 91.8 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। सुमन ने विज्ञान संकाय में प्रथम स्थान हासिल कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है।
माता-पिता का बढ़ाया मान
सुमन की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। सुमन की मां ममता सिंह गृहणी हैं और पिता रंजय सिंह बीएमएस की कोरबा यूनिट के महामंत्री हैं। पिता रंजय सिंह ने बताया कि सुमन शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। वह नियमित 6 से 7 घंटे पढ़ाई करती थी। स्कूल के शिक्षकों का मार्गदर्शन और माता-पिता का सहयोग उसकी सफलता की बड़ी वजह है।
डॉक्टर बनने का सपना
सुमन सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उसने बताया कि वह आगे मेडिकल क्षेत्र में जाना चाहती है और डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना उसका लक्ष्य है। सुमन ने कहा कि समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास से ही यह मुकाम हासिल हुआ है। सोशल मीडिया से दूरी और NCERT पर फोकस उसकी रणनीति का हिस्सा रहा।
स्कूल में जश्न का माहौल
रिजल्ट आने के बाद डीपीएस बालको नगर में जश्न का माहौल है। प्राचार्य ने सुमन को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के अन्य छात्रों के लिए भी सुमन प्रेरणा है। स्कूल प्रबंधन ने सुमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सहपाठियों ने भी मिठाई खिलाकर सुमन को बधाई दी।
