
कोरबा: शहर में झपटमारी और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र में एक ही दिन सामने आए दो अलग-अलग मामलों में बदमाशों ने पहले काम से लौट रही युवती से वेतन और मोबाइल झपट लिया, वहीं दूसरी घटना में बिलासपुर से बस में लौट रही महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काम से लौट रही युवती बनी झपटमारों का शिकार
जानकारी के मुताबिक चिमनी भट्ठा निवासी नेहा पाण्डेय (24) श्रीराम वस्त्रालय, हीरानंद कॉम्प्लेक्स में कार्यरत हैं। रविवार (22 जून) की रात करीब 9:50 बजे वह ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रही थीं। उन्हें वेतन के रूप में 9,840 रुपये मिले थे, जिन्हें उन्होंने अपने वीवो मोबाइल फोन के साथ हाथ में रखा हुआ था।
जब वह एक्सिस बैंक के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक आए और उनके हाथ से मोबाइल व नकदी झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। छीने गए मोबाइल की कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह पीड़िता को कुल 13,840 रुपये का नुकसान हुआ।
पीड़िता ने बताया कि दोनों युवकों की उम्र करीब 22 से 24 वर्ष के बीच थी। बाइक चला रहा युवक डार्क ब्लू रंग की फुल शर्ट पहने हुए था। घटना के बाद उन्होंने सीएसईबी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
बस से लौटी महिला का मंगलसूत्र भी गायब
दूसरी घटना में कोरबा निवासी एक महिला बिलासपुर से बस के जरिए शहर लौटी। बुधवारी बस स्टॉप पर उतरने के दौरान उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने का मंगलसूत्र गायब है। आशंका जताई जा रही है कि बस यात्रा के दौरान किसी अज्ञात आरोपी ने भीड़ का फायदा उठाकर मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
महिला ने तत्काल सीएसईबी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोरबा सीएसपी ने बताया कि दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। झपटमारी की घटना में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं मंगलसूत्र चोरी के मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।
