
कोरबा: पत्रकार हितों के लिए कार्यरत छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन, रायपुर ने संगठन का विस्तार करते हुए कोरबा जिले के वरिष्ठ पत्रकार अमरीक सिंह ‘रिंकू’ को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके मनोनयन की आधिकारिक घोषणा संगठन की ओर से जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से की गई।
यूनियन की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि इंडियन ट्रेड यूनियन एक्ट, 1926 के तहत श्रमायुक्त (पंजीयक), छत्तीसगढ़ शासन से पंजीकृत संगठन की प्रदेश, संभाग, जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के अंतर्गत अमरीक सिंह ‘रिंकू’ का जिला अध्यक्ष पद पर निर्वाचन/मनोनयन किया गया है।

संगठन ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष से अपेक्षा जताई है कि वे जिले में संगठन को मजबूत करने, पत्रकारों के हितों की रक्षा करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित जानकारी प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराते रहेंगे।
जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर पत्रकारों एवं शुभचिंतकों ने अमरीक सिंह ‘रिंकू’ को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन कोरबा जिले में और अधिक सक्रियता के साथ पत्रकारों की समस्याओं और अधिकारों के लिए कार्य करेगा।
