
कोरबा: शहर के एसईसीएल निहारिका मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास बीच सड़क पर हुई मारपीट की घटना ने लोगों को झकझोर दिया। 6 जुलाई 2026 को हुई इस घटना में एक नेक्सॉन कार चालक पर बोलेरो चालक सोहेल अली के साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह पूरा मामला मानिकपुर थाना चौकी क्षेत्र अंतर्गत का है। एक काले रंग की फिल्म लगी नेक्सॉन कार चला रहे युवक ने शराब के नशे में बोलेरो चालक सोहेल अली को बीच सड़क पर रोककर मारपीट की, गाली-गलौज और धमकी भी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और स्कूल की छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में बच्चों के सामने यह पूरा घटनाक्रम हुआ, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया और किसी की भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं हुई। ऐसे घटनाक्रम का बच्चों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी सुजल सोनवानी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि वाहन चालक शराब के नशे में था और कार के काले शीशों (ब्लैक फिल्म) का भी उपयोग किया जा रहा था, तो ड्रिंक एंड ड्राइव तथा ब्लैक फिल्म से संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों ने मामले में सभी संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
