
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सूने सरकारी क्वार्टर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर भीतर घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक सिंचाई विभाग में पदस्थ भारत लाल साहू सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर एचपीटी A2/25 में रहते हैं। किसी जरूरी काम से वह घर से बाहर गए थे और मकान पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए मुख्य गेट का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गए।
शुक्रवार सुबह जब भारत लाल साहू वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी टूटी हुई थी और पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि सोने-चांदी के आभूषण, करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान गायब था। पीड़ित के अनुसार चोरी से उन्हें लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
