
कोरबा: नगर निगम के कोरबा जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक-9 स्थित इमली डुग्गू के पोखरी पारा में पोखरी के समीप किए जा रहे कथित अवैध निर्माण पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी से निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित महिला को पहले नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रहने पर कार्रवाई की गई।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में अवैध कब्जे की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद निर्माण हटाकर संबंधित भूमि को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया।
धार्मिक आयोजन स्थल पर कब्जे का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिस स्थान पर निर्माण किया जा रहा था, वहां स्थित पोखरी में हर वर्ष छठ पूजा समेत अन्य धार्मिक आयोजन होते हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का हवाला देकर सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले की जांच की और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की।
महिला ने कहा- 10 साल से रह रही हूं
वहीं कार्रवाई का सामना करने वाली महिला का कहना है कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से उसी स्थान पर रह रही हैं। उनके अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद वह मकान का निर्माण करा रही थीं। महिला ने दावा किया कि उन्हें 12 फीट की जगह में एक कमरा बनाने की मौखिक अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने निर्माण तोड़ दिया।
नगर निगम और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
