
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के टीपी नगर स्थित नए बस स्टैंड में लगातार बढ़ती अव्यवस्था यात्रियों और आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बस स्टैंड परिसर में स्पेयर (रिजर्व) वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने से उपलब्ध जगह कम पड़ रही है। वहीं, बसों की संख्या बढ़ने के बावजूद बस स्टैंड का विस्तार नहीं होने से स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है।
स्थिति को और जटिल बनाने में कुछ दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों को निर्धारित सीमा से आगे तक बढ़ा देने की भी बड़ी भूमिका है। अतिक्रमण के कारण आवागमन का रास्ता संकरा हो गया है, जिससे यात्रियों और राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बस स्टैंड से होकर आम लोगों और अन्य वाहनों का भी नियमित आवागमन होता है। ऐसे में बसों की आवाजाही, स्पेयर वाहनों और अतिक्रमण के कारण सड़क पर बार-बार बाधा उत्पन्न होती है। सबसे बड़ी समस्या पार्किंग व्यवस्था के अभाव की है, जिससे वाहन इधर-उधर खड़े किए जाते हैं और यातायात प्रभावित होता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन दोपहर करीब 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच एक साथ कई बसें बस स्टैंड पहुंच जाती हैं। इस दौरान परिसर में जाम जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे यात्रियों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीड़ और अव्यवस्था के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है और लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड में स्पेयर वाहनों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए, अतिक्रमण हटाकर रास्ता चौड़ा किया जाए, पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित की जाए और जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
