कोरबा: उरगा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक हाइड्रा वाहन चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 26 वर्षीय युवक का शव हाइड्रा वाहन के नीचे पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि युवक की मौत किस वाहन की चपेट में आने से हुई या हाइड्रा वाहन से ही कोई दुर्घटना हुई, इसका खुलासा जांच के बाद होगा। सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय सोनू यादव, निवासी नगरदा, जिला शक्ति के रूप में हुई है। सोनू पिछले करीब तीन वर्षों से एक निजी कंपनी में हाइड्रा वाहन चालक के रूप में काम कर रहा था। वह अक्सर दो-तीन दिनों के अंतराल में अपने घर आता-जाता था। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर का था। उसकी शादी को करीब दो वर्ष हुए थे और उसका एक छोटा बच्चा भी है।

भतीजे के जन्मदिन के लिए लेकर जाना था केक
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मंगलवार को सोनू के बड़े भाई के बेटे का जन्मदिन था। वह अपने भतीजे के लिए केक लेकर घर जाने वाला था। बताया गया कि उसने फोन पर परिजनों से बात भी की थी और जन्मदिन के मौके पर घर पहुंचने की बात कही थी।
लेकिन जब वह तय समय पर घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर लगातार फोन किया। काफी प्रयास के बाद भी जब सोनू से संपर्क नहीं हो सका, तो परिवार की चिंता बढ़ गई।
हाइड्रा वाहन के नीचे मिला शव
मंगलवार दोपहर उरगा मुख्य मार्ग पर हाइड्रा वाहन खड़ा था। इसी दौरान राहगीरों ने वाहन के नीचे सोनू को पड़ा देखा। सूचना मिलने पर उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सोनू के शव को मेडिकल कॉलेज के शव कक्ष में रखा गया था। बुधवार को पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।
सिविल लाइन पुलिस कर रही जांच
मेडिकल कॉलेज अस्पताल से घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को मेमो के माध्यम से दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का लग रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
भतीजे के जन्मदिन पर घर पहुंचने की तैयारी कर रहे सोनू की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस दिन घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वही दिन परिवार के लिए गम में बदल गया।
